
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में वर्ष 2030 तक चरणबद्ध तरीके से 28 हजार जवानों की भर्ती की जाएगी। मार्च तक लगभग 15 हजार पदों और वर्ष 2028 से 2030 के बीच लगभग 13 हजार पदों पर भर्ती की योजना है। इस दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
हरियाणा पुलिस के महानिदेशक अजय सिंघल ने पुलिस शहीदी दिवस पर बुधवार को कहा कि राज्य सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास, भर्ती और कर्मियों के कल्याण के लिए कदम उठा रही है। पुलिस के बुनियादी ढांचे और आधुनिकीकरण के लिए 658 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी गई है।
साइबर अपराधों से निपटने के लिए एच4सी के 204 नए पद मंजूर हुए हैं और जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। आतंक निरोधी दस्ता (एटीएस) के गठन तथा नई भर्तियों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। हाल ही में माता मनसा देवी मंदिर, पंचकूला में प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू की गई है। इसका भविष्य में विस्तार किया जाएगा।
डीजीपी के अनुसार जनवरी से सितंबर के दौरान पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले कुल अपराधों में 9.35 प्रतिशत कमी आई है। जनवरी 2026 में लगभग 13 हजार साइबर शिकायतें थीं, जो सितंबर में घटकर लगभग 11 हजार रह गईं। शिकायतों में लगभग 17 प्रतिशत कमी दर्ज हुई।
जनवरी से सितंबर तक साइबर अपराध के लगभग चार हजार मामले दर्ज किए गए और लगभग छह हजार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। साइबर ठगी की करीब 40 प्रतिशत राशि होल्ड या रिकवर कराई गई। वर्ष 2021 में शुरू हुई डायल-112 सेवा से अब तक लगभग 75 लाख नागरिकों को सहायता मिली है।
वर्ष 2025-26 में लगभग 238 करोड़ रुपये की लागत से आठ पुलिस थानों, तीन चौकियों और 313 आवासीय इकाइयों समेत विभिन्न विकास कार्य पूरे हुए। मार्च 2027 तक 1043 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य आगे बढ़ाने और वर्ष 2030-31 तक पुलिस बुनियादी ढांचे पर 4,430 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य है। वर्ष 2030 तक पुलिस आवासों की संख्या लगभग 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार की जाएगी।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर कार्रवाई
अजय सिंघल ने बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ हरियाणा पुलिस तथा एसटीएफ कार्रवाई कर रही हैं। वर्ष 2019 से अब तक 28 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित कराया गया है। अन्य 14 विदेश में हिरासत में हैं और उनकी कानूनी प्रक्रिया जारी है।



