सिंगरौली

सिंगरौली में 1742 दुर्गा प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन

500 से अधिक जवानों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

सिंगरौली : शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर सिंगरौली जिले में 1742 मां दुर्गा प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से विसर्जन संपन्न हुआ। ‘जय अम्बे, जय दुर्गे’ के जयघोष के बीच संपन्न हुए इस विसर्जन में सिंगरौली जिले की 952 और सीमावर्ती अन्य जिलों की 790 प्रतिमाएं शामिल रहीं।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम:

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 500 से अधिक पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया था। विसर्जन स्थलों से लेकर प्रमुख मार्गों तक पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से डटे रहे। सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस ने अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन किया। इस पूरी प्रक्रिया में राजस्व विभाग, नगर निगम, एसडीआरएफ और होमगार्ड का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कलेक्टर और एसपी ने देर रात तक किया निरीक्षण:

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंकित अस्थाना और पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने देर रात तक तेलगवां और हिर्रवाह सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों का संयुक्त भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात संचालन और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनकी कुशलक्षेम पूछी।

एसपी ने बढ़ाया जवानों का मनोबल:

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने विभिन्न ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। उन्होंने देर रात तक पूरी निष्ठा से डटे जवानों के समर्पण, सजगता और अनुशासन की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता और संयम के साथ कर्तव्य निभाने के निर्देश दिए।

शांतिपूर्ण विसर्जन के बाद सिंगरौली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, दुर्गा पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों के अनुशासित सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button