सिंगरौली

राज्य स्तरीय प्रशिक्षण के लिए सिंगरौली से एकमात्र सरपंच डॉ. स्वाति सिंह चयनित

चितरंगी की ग्राम पंचायत कोरसर की सरपंच को मिला अवसर, 3 से 5 नवंबर तक जबलपुर में होगा प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सतत विकास लक्ष्यों को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में सिंगरौली जिले को प्रतिनिधित्व मिला है। जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत कोरसर की सरपंच डॉ. स्वाति सिंह का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिले से एकमात्र सरपंच के रूप में चयन किया गया है। वह 3 से 5 नवंबर 2026 तक जबलपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगी।
यह प्रशिक्षण पंचायत राज संचालनालय मध्यप्रदेश, महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का आयोजन महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज संस्थान, आधारताल, जबलपुर में होगा। इस संबंध में जिला पंचायत सिंगरौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को नामांकन आदेश जारी किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य विषय सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण (एलएसडीजी) है। इसके तहत ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास की कार्ययोजना तैयार करने और सतत विकास लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने के संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित ग्राम पंचायतों के सरपंच शामिल होंगे। प्रशिक्षण आवासीय एवं पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रतिभागियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी संस्थान की ओर से की गई है। कार्यक्रम 3 नवंबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा तथा 5 नवंबर को शाम 5:30 बजे संपन्न होगा।
सिंगरौली जिले से एकमात्र सरपंच के रूप में डॉ. स्वाति सिंह का चयन चितरंगी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और अनुभव से ग्राम पंचायत कोरसर में विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में काम करने में मदद मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button