सिंगरौली
प्रभारी कलेक्टर सिंगरौली संघ प्रिय के अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित टीएचआर एवं हॉट कुक्ड मील की गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश
कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर एनआरसी में भर्ती कराएं, एएनसी एवं एनएसी पंजीयन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । जिले में बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार तथा पोषण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण योजनाओं की प्रगति, एएनसी पंजीयन एवं जांच, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, पूरक पोषण आहार वितरण तथा कुपोषित बच्चों के उपचार की समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर सुपरवाइजर अपने क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान निर्धारित जांच बिंदुओं की जानकारी विजिटिंग रजिस्टर में दर्ज करें तथा पाई गई कमियों का समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित कराएं। उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें तथा इसकी लिखित जानकारी सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी केंद्र निर्धारित समय पर नियमित रूप से संचालित हों तथा बच्चों की उपस्थिति की निगरानी की जाए।
बैठक में कुपोषण की रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की पहचान, पंजीयन और उपचार की प्रभावी व्यवस्था की जाए। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार एनआरसी में भर्ती कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर समुचित उपचार मिल सके। उन्होंने टीएचआर एवं हॉट कुक्ड मील की गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन करने तथा हितग्राहियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से जानकारी प्राप्त करने को भी कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि पोषण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी कलेक्टर संघ प्रिय ने एएनसी पंजीयन एवं जांच की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन तथा आवश्यक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान जोखिम की प्रारंभिक पहचान होने से जच्चा और बच्चा को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। साथ ही, एनएसी पंजीयन की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पंजीयन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा।नवीन आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन केंद्रों के स्थलों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भवन निर्धारित स्थल पर ही निर्मित हो रहे हैं। साथ ही भवन निर्माण की गुणवत्ता एवं स्थल चयन की उपयोगिता की जांच कर वास्तविक स्थिति से संबंधित सीडीपीओ को अवगत कराया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को पंचायतों से समन्वय स्थापित कर आंगनवाड़ी केंद्रों में बाल-सुलभ शौचालयों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।बैठक में सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेन्द्र साकेत सहित सभी संबंधित सीडीपीओ एवं सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित रहे।



