मधुमक्खियों के हमले से सीडीओ व एडीएम गंभीर

सबसे अधिक डंक एडीएम को लगे, झांसी रेफर
देवगढ़ में बौद्ध गुफाओं को देखने जाते समय हुआ हादसा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पर्यटन स्थल देवगढ़ में विकास योजनाओं के लिए निरीक्षण करने के बाद बौद्ध गुफाओं को देखने पहुंचे अधिकारियों/कर्मचारियों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जान बचाकर भागे अधिकारियों को मधुमक्खियों ने इतने डंक मारे कि मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडे बेहोश हो गए, जबकि अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत करीब दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिसके करीब एक घंटे बाद सीडीओ कमलाकांत को होश आया। हालांकि मधुमक्खियों के हमले में घायल अधिकारी/कर्मचारी फिलहाल अस्पताल में ही भर्ती हैं। बाद में एडीएम नमामि गंगे की हालत ज्यादा ही बिगड़ गई, जिस पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार रेशम विकास व युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव सुनील कुमार दो दिन के दौरे पर जिले में हैं। उन्होंने धार्मिक स्थल देवगढ़ का निरीक्षण किया था। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए योजनाएं बनाने का निर्देश दिया था। इसी के क्रम में रविवार को सीडीओ कमलाकांत पांडे, एडीएम राजेश कुमार श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार घनेंद्र तिवारी, उप निरीक्षक दिनेश कुमार, लेखपाल सूर्यांश, शशांक और कई जनप्रतिनिधियों समेत करीब 25 लोगों की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी। दशावतार मंदिर के एक किमी आगे टीम निरीक्षण ही कर रही थी कि दिन में करीब 1 बजे मधुमक्खियों ने टीम हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के अचानक हमले से अफरातफरी मच गई। जिसको जिधर रास्ता मिला, वहीं जान बचाकर भागा। बताते हैं कि सीडीओ कमलाकांत पाण्डेय और एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव को मधुमक्खियों ने सबसे ज्यादा डंक मारे। अधिकारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। टीम में शामिल अन्य लोगों का भी यही हाल था। लोग भागते रहे लेकिन मधुमक्खियों ने पीछा नहीं छोड़ा। मधुमक्खियों ने सीडीओ समेत टीम के सभी सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सीडीओ कमलाकांत तो मधुमक्खियों के हमले से बेहोश हो गए। जबकि एडीएम राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत टीम के अन्य सदस्यों की हालत नाजुक हो गई। ग्रामीणों ने मदद की, तब जाकर सबकी जान बची। जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर हुई इस घटना के बाद सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। सीडीओ को काफी देर बाद होश आया। जबकि अन्य अधिकारी/कर्मचारियों का इलाज किया जा रहा है। वहीं एडीएम की हालत बिगडऩे पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
डीएम अक्षय त्रिपाठी लगातार करते रहे देखभाल
मधुमक्खियों का हमला होने की खबर मिलने पर आहत हुये अधिकारियों के मेडीकल कॉलेज के इमरजेंसी में पहुंचने पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी तत्काल अस्पताल पहुंच गये। यहां डीएम ने मानवता की मिशाल पेश करते हुये सभी अधिकारियों की स्वयं सेवार्थ सहायता की। उन्होंने स्वयं करीब दो घण्टे से अधिक समय तक आहत अधिकारियों के समक्ष उपस्थित रहकर उपचार कराया।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल-चाल
देवगढ़ में बौद्ध गुफाओं के पास मधुमक्खियों के हमले से आहत अधिकारियों की जानकारी लगने पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा जिला अस्पताल के सीसीयू कक्ष में पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से उनका हाल-चाल जानते हुये सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और सभी के जल्द स्वस्थ्य होने की कामनाएं की।
डीएम ने जारी किया अपना बयान
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने अपना बयान जारी करते हुये बताया कि प्रमुख स्टाफ ऑफिसर मुख्य सचिव के आदेश अंतर्गत जनपद में जल जीवन मिशन योजनांतर्गत हर घर नल योजना तथा गो-आश्रय स्थलों व 50 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं के भौतिक सत्यापन व निरीक्षण हेतु रेशम विकास एवं युवा कल्याण विभाग विशेष सचिव सुनील कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी बनाकर भेजा गया है। 25 मई 2025 को पूर्वाह्न में संबंधित अधिकारियों के साथ नोडल अधिकारी देवगढ़ एवं आसपास ग्रामीण क्षेत्र में निरीक्षण हेतु गए थे। निरीक्षण के लिए कुछ दूरी पर ही निकले थे की इसी समय मधुमक्खियों द्वारा अधिकारियों पर आकस्मिक रूप से हमला कर दिया गया। हमले में सीडीओ के.ब के. पाण्डेय, एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए एवं तीन कर्मचारी सामान्य रूप से घायल हुए। सूचना मिलने पर सीएमओ टीम के साथ, एडीएम अंकुर श्रीवास्तव, एसडीएम सदर चन्द्रभूषण प्रताप सिंह अधिनस्थों के साथ पहुंचे। जहां उनको प्राथमिक उपचार प्रदान करते हुए जनपद मुख्यालय जिला अस्पताल में लाया गया, सभी को आवश्यक उपचार दिया गया। सीडीओ व अन्य की स्थिति सामान्य हो गई है किंतु एडीएम नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव को बेहतर उपचार हेतु झांसी मेडिकल कॉलेज हेतु संदर्भित किया गया है, जहां वह उपचाराधीन व सामान्य अवस्था में हैं। नोडल अधिकारी पूर्ण रूप से ठीक हैं व अधिकारियों के साथ क्षेत्र में निरीक्षण कर रहे हैं। स्थिति सामान्य है।