अमरोहा
वन विभाग की हजारों बीघा जमीन पर अवैध कब्जा
हसनपुर में भाकियू ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कब्जा मुक्त कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) अम्बावता ने वन विभाग की जमीन से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। संगठन ने बुधवार को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भाकियू के अनुसार, गांव सिमथला में वन विभाग की 100 बीघा जमीन पर अवैध निर्माण किया गया है। इसके अलावा 300 बीघा जमीन पर अवैध खेती हो रही है।
संगठन का आरोप है
गांव दोरारा में वन विभाग की भूमि पर सड़क किनारे आवास और दुकानें बनाई गई हैं। यहां 200 बीघा जमीन पर आबादी में कृषि कार्य चल रहे हैं। भीमा ठीकरी, लुहारी खादर, ख्यालीपुर, खुगावली और बाटूपुरा में भी वन विभाग की जमीन पर लोगों ने आवास बना लिए हैं और खेती कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि कुछ स्थानों पर वन विभाग के कर्मचारी भी जमीन पर कब्जा करने वाले माफियाओं के साथ मिले हुए हैं।
हरियाली को बढ़ावा दिया
भाकियू ने मांग की है कि इन जमीनों से कब्जा हटाकर हरियाली को बढ़ावा दिया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह, जयवीर सिंह, लोकेश सिंह, अंकित, जितेंद्र, हिरदेश कुमार, शकील, खुर्शीद खान, शमशेर सैफी और अजब सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।



