डीएम की अध्यक्षता में रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर की एक दिवसीय कार्यशाला।
वैज्ञानिकों ने रिमोट सेन्सिंग एवं जी०आई०एस० तकनीक की क जानकारी दी।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बाराबंकी। रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर, उ०प्र० लखनऊ (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) विभाग द्वारा जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। एक दिवसीय कार्यशाला में रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर के वरिष्ठ वैज्ञानिक श्री अमित सिन्हा एवं डा० सुधाकर शुक्ला तथा परियोजना वैज्ञानिक डा० जय कुमार मिश्रा एवं श्री हिमांशु कुमार द्वारा रिमोट सेन्सिंग एप्लीकेशन्स सेन्टर में विभिन्न परियोजनाओं में रिमोट सेन्सिंग एवं जी०आई०एस० तकनीक का उपयोग करके जनपदवार तैयार किये गये डिजिटल डाटाबेस का प्रस्तुतीकरण किया गया एवं उक्त के बारे में जानकारी दी। उक्त के अतिरिक्त वैज्ञानिकों द्वारा रिमोट सेन्सिंग, जी०आई०एस० एवं जी०पी०एस० तकनीक के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई और यह बताया गया कि इस तकनीक का उपयोग कृषि, राजस्व, भू-संचय, जल-संचय, प्राकृतिक आपदा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, सिंचाई विभाग, जल निगम, नलकूप, सड़क, वन आदि में किया जाता है एवं भुवन पोर्टल पर भी जाकर इस सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उक्त के अतिरिक्त लिडार तकनीक के बारे में भी जानकारी दी गयी। प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल (पी०एम०जी०एस०पी०) के माध्यम से विभिन्न विभागों के डाटाबेस के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप निदेशक कृषि, कृषि रक्षा अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, सामाजिक वानिकी, उपायुक्त मनरेगा, जल निगम, लघु सिंचाई सहित समस्त जनपदस्तरीय अधिकारीगण द्वारा भाग लिया गया।



