गाजियाबाद
लोनी एचपीसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से जुड़ी समस्याओं को लेकर परिवहनकर्ताओं ने डीएम को सौंपा पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी । लोनी स्थित एचपीसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से जुड़े यूपी एल पी जी टांसपोर्ट एसोसिएशन ने अपनी मांगों से सम्बन्धित पत्र जिलाधिकारी गाजियाबाद को सौंपा। इसमें परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और लंबित भुगतानों से जुड़ी कई प्रमुख मांगें उठाई गई हैं।
एसोसिएशन के महासचिव चुन्नीलाल मिश्रा ने जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में अवगत कराया है कि एलपीजी से भरे वाहनों को शहर के संकरे और भीड़भाड़ वाले रास्तों से गुजारा जा रहा है, जिससे सुरक्षा जोखिम बढ़ जाता है। परिवहनकर्ताओं ने मांग की है कि आर.टी.डी. (रूट डायवर्जन) केवल बायपास सड़कों से निर्धारित किए जाएं।
इसके अलावा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वितरण स्थलों तक जाने वाले रास्ते पर्याप्त चौड़े और मोटरेबल नहीं हैं, जिससे वाहनों को बार-बार खराबी का सामना करना पड़ता है। प्लांट में ड्राइवरों के लिए पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी कमी बताई गई है।
ट्रांसपोर्टर्स ने सुरक्षा कैप संबंधी नीति पर पुनर्विचार, सुबह 4 बजे से रात 12 बजे तक ट्रक संचालन की अनुमति, प्लांट के मुख्य गेट पर ट्रकों के लिए पार्किंग व्यवस्था और गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने जैसी मांगें भी प्रमुख रुप उठाई हैं।
साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि 2021 से लागू नए अनुबंध के अनुसार टोल टैक्स का भुगतान कंपनी द्वारा किया जाना था, लेकिन अब तक अधिकांश परिवहनकर्ताओं को इसका भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा, टेंडर संख्या 18000010-HD-12100 के अंतर्गत BS-IV मानक वाले ट्रकों का अतिरिक्त भुगतान भी लंबित है।
परिवहनकर्ताओं ने जिलाधिकारी को यह भी बताया कि गोदामों पर पहुँचने वाले ट्रकों का चार घंटे में अनलोडिंग और रीफिलिंग का कार्य पूरा होना चाहिए, ताकि वाहनों को अनावश्यक रूप से रोका न जाए।
परिवहनकर्ताओं ने जिलाधिकारी से सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है


