पाकुड़

तबीयत खराब, लेकिन जनता की सेवा पहले: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का भावुक संदेश

Health Minister Dr. Irfan Ansari's emotional message: I am unwell, but public service comes first

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपनी खराब तबीयत के बावजूद राज्य की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने अपना आराम और निजी जीवन पूरी तरह झारखंड की जनता को समर्पित कर दिया है। डॉ. अंसारी ने कहा कि वे दिन-रात, गांव से लेकर शहर तक, मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल यूनिवर्सिटी, सदर अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी—हर स्तर पर इस सोच के साथ काम कर रहे हैं कि राज्य का कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में परेशान न हो। उन्होंने कहा कि चार करोड़ झारखंडवासियों की उम्मीदें उनसे जुड़ी हैं और जनता की आंखों में दिखने वाला भरोसा उन्हें लगातार जिम्मेदारी का अहसास कराता है। “अमीर हो या गरीब, हर इंसान को बेहतर इलाज मिले—इसी इंसाफ़ को ज़मीन पर उतारने की लड़ाई मैं रोज़ लड़ रहा हूँ,” उन्होंने कहा।
हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने कुछ लोगों और तथाकथित पत्रकारों पर विभाग को बदनाम करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे आरोप और आलोचना मानसिक रूप से पीड़ा पहुंचाते हैं, जबकि विभाग पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रहा है। डॉ. अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कहीं कोई कमी या समस्या है तो उसे सीधे उनके संज्ञान में लाया जाए, लेकिन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति न की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह सुधार की केवल शुरुआत है और आने वाले समय में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था देश की बेहतरीन व्यवस्थाओं में गिनी जाएगी। उन्होंने कहा, “आज मेरी तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन फाइलें रुक नहीं सकतीं, फैसले टल नहीं सकते। किसी मां को अपने बेटे का इलाज चाहिए, किसी गरीब को उम्मीद चाहिए। मुझे अपने आराम से ज्यादा लोगों की ज़िंदगी प्यारी है।” अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि वे हार नहीं मानेंगे और झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को बदलकर ही दम लेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button