शहर में निकली माता की भव्य शोभायात्रा, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु

एनपीटी गोड्डा ब्यूरो
गोड्डा : चैती दुर्गा पूजा के समापन के अंतिम दिन सोमवार को यानी दसवीं को हर वर्ष की इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में संध्या बेला में शोभायात्रा निकाली गयी। जिसका देर रात नगर भ्रमण करते हुए मुख्यालय स्थित मुलर्श टैंक में माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। मां चैती दुर्गा मंदिर हटिया परिसर से माता की शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। जैसे ही हटिया परिसर से शोभायात्रा निकली, वैसे ही अपने-अपने घरों से निकलकर गोड्डा बाजार के मुख्य सड़क के दोनों किनारे खड़ी महिलाएं माता के अंतिम दर्शन के लिए नजर आई। माता रानी को महिलाओं की ओर से नम आंखों से विदाई दी गई। गाजे बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से लाठी डंडे का बेहतरीन करतब दिखाया जा रहा था। श्रद्धालुओं की ओर से माता रानी के शान में जयकारे लगाए जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर शोभायात्रा के दौरान जिले के अधिकारियों की ओर से स्वयं कमान संभाल गया है। शोभायात्रा के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पूर्व से ही कई पुलिस पदाधिकारी की मजिस्ट्रेट के साथ फोर्स के साथ जगह-जगह पर प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर ड्रोन कैमरे से भी भीड़ पर नजर रखी जा रही है। शोभायात्रा में जिले के उपायुक्त जीशान कमर एवं पुलिस कप्तान अनिमेष नैथानी की ओर से व्यवस्था को अक्षूण बनाए जाने को लेकर शोभा यात्रा में विशेष निगरानी रखी गई है। थाना के आसपास प्रशासन के द्वारा बनाए गए निगरानी पंडाल में डीसी व एसपी को देखा गया। जिले में आपसी सौहार्द कायम करने के लिए खुद पदाधिकारी ही नहीं सोशल एक्टिविटी से जुड़े लोग शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए देखे गए हैं।

इधर, शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में कई श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते और गुलाल अबीर उड़ाते नजर आ रहे थे। वहीं खासकर ज्यादा संख्या में युवा वर्ग पूरे जोश में नहर आए। शोभायात्रा में घोड़ा का नाच काफी आकर्षक रहा। वहीं महिला श्रद्धालुओं की भीड़ मां दुर्गा के अंतिम दर्शन को लेकर देखी गई। आऊंगी आऊंगी अगले बरस फिर से आउंगी आदि भक्ति गीतों से शाम से देर रात तक गुलजार रहा है। शोभायात्रा से पूर्व शहरी क्षेत्र में बिजली काट दी गई है। ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े। वहीं विसर्जन के उपरांत शहर में बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से चालू कर दिए जाने की जानकारी दी गई।