गाजियाबाद
लोनी तहसील में वकीलों का धरना तीसरे दिन भी जारी
रजिस्ट्री व सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का काम ठप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : उपजिलाधिकारी लोनी द्वारा कथित अमर्यादित भाषा के विरोध में अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी दिन-रात लगातार जारी रहा। वकील तहसील परिसर में धरने पर बैठे हैं, जिससे न्यायिक व राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
धरने के तीसरे दिन आयोजित अधिवक्ताओं की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में सभी कार्य पूरी तरह बंद रखे जाएंगे। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जब तक उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल का स्थानांतरण नहीं किया जाता और नव-निर्मित तहसील में अधिवक्ताओं के विधि व्यवसाय के लिए चैम्बर की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक रजिस्ट्री कार्यालय में भी कामकाज ठप रहेगा।
आंदोलन को गाजियाबाद बार एसोसिएशन और मोदी नगर बार एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है, जिससे अधिवक्ताओं का विरोध और तेज हो गया है।
वहीं विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अधिवक्ताओं से कहा कि आवेश में लिए गए निर्णय के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वकीलों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का अनुरोध किया, लेकिन बार पदाधिकारियों द्वारा फिलहाल उनकी अपील पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

