गोड्डा
ग्रामीण विकास मंत्री ने करोड़ों के योजनाओं की रखी आधारशिला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह स्थानीय विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने करीब 1.89 करोड़ की लागत से बनने वाली करीब 26 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। नगर के विभिन्न वार्डों में आयोजित इस शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। इन योजनाओं में मुख्यतः पीसीसी सड़क, स्लैब युक्त ईंट नाली, आरसीसी कवर नाला और पेवर ब्लॉक बिछाने जैसे कार्य शामिल हैं। वहीं लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया। कार्यों की शुरुआत रामशुल हाउस से सत्संग भवन के पास पीसीसी रोड निर्माण से हुई।इसके बाद गजाधर सिंह हाउस, बजरंगबली मंदिर मार्ग, बसुआ ईदगाह क्षेत्र सहित अन्य कई स्थानों पर योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि महागामा मेरी कर्मभूमि है। यहां की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता है। राज्य सरकार गांव व नगर दोनों के संतुलित विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिन क्षेत्रों में जलजमाव और जर्जर सड़कों की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी योजनाएं समयबद्ध रूप से पूरी हों।
वहीं स्थानीय लोगों ने वर्षों से लंबित इन योजनाओं की शुरुआत पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। लोगों ने कहा अब सड़कों और नालियों की समस्या से निजात मिलेगी। आज काम शुरू होते देखना सुखद है। कहा कि इन योजनाओं से नगर क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। शिलान्यास कार्यक्रम में एसडीओ आलोक वरण केशरी, कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार, बीडीओ सोनाराम हांसदा, सीओ खगेन महतो, थाना प्रभारी शिव दयाल सिंह, सिटी मैनेजर रोहित गुप्ता, कनीय अभियंता सहित मंत्री प्रतिनिधि विपिन बिहारी सिंह, प्रखंड कांग्रेस प्रभारी याहया सिद्दीकी, राजद प्रखंड अध्यक्ष अनंतलाल यादव, मिथलेश यादव, नरोत्तम ठाकुर, सूरज जयसवाल, ललिता जयसवाल, सिनपुर मुखिया धर्मेंद्र पासवान, मो० शमसाद, नीलेश सिंह, अक्षय मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता सहित अनेकों लोग मौजूद रहे।




