गोड्डा
प्रधानाध्यापक आशुतोष पांडेय को डीईओ ने किया सम्मानित, शिक्षकों में खुशी की लहर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि एनजी प्लस टू उच्च विद्यालय पथरगामा के प्रधानाध्यापक आशुतोष पांडेय को उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय नेतृत्व और शैक्षणिक सुधारों के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू द्वारा सम्मानित किया गया।
डीईओ ने यह सम्मान विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार, बच्चों की बढ़ती उपस्थिति, अनुशासन, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा नवोदय प्रवेश परीक्षा, जैक बोर्ड और हिंदुस्तान ओलंपियाड जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में उत्कृष्ट केंद्र अधीक्षण कार्य के लिए प्रदान किया। सम्मान समारोह के दौरान डीईओ मिथिला टुडू ने कहा कि श्री पांडेय जैसे कर्मयोगियों की वजह से ही शिक्षा व्यवस्था मजबूत होती है। विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन, बेहतर परिणाम और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया उनका विशेष ध्यान अन्य विद्यालयों के लिए मिसाल है। गौरतलब है कि विद्यालय के छात्र खेलो झारखंड प्रतियोगिता, विज्ञान प्रदर्शनी, आईसीटी सेमिनार सहित कई सहशैक्षणिक गतिविधियों में प्रखंड एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री पांडेय ने इसे पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया और कहा कि वे आगे भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। सम्मान की सूचना मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रधानाध्यापक के विद्यालय पहुंचते ही शिक्षकों ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया और बधाई दी। बधाई देने वालों में देवानंद, नचिकेता, मुकेश, संजीव, अखिलेश, अंबिका, अमित, राकेश, गौरांग, अनुरंजन, सुनीला, खुशबू, मीनाक्षी, शर्मीली, राखी सहित कई शिक्षक उपस्थित थे।


