रांची

मंईया सम्मान योजना की राशि से अपने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनाने का सपना देख रही है महिलाएं – हेमन्त सोरेन

एनपीटी ब्यूरो,

झारखण्ड सीएम हेमन्त सोरेन ने विधानसभा के बजट सत्र के समापन भाषण में मंईयां सम्मान योजना का जिक्र किया। सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत हमारी सरकार प्रदेश की लगभग 58 लाख महिलाओं को प्रतिमाह सम्मान राशि दे रही है। सीएम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिला लाभुकों के खाते में नगद राशि भेजना छोटी बात नहीं है। मुख्यमंत्री हेमन्त ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना का राशि से महिलाएं अपने बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बनाने का सपना देख रही है। उनका आर्थिक स्वाबलंबन हुआ है। सीएम ने दावा किया कि 2 साल पश्चात झारखण्ड में मंईयां सम्मान योजना का प्रभाव दिखेगा। उन्होंने ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना का असर ऐसा है कि विपक्ष के नेता भी अपने चुनावी वादों में इसका जिक्र करते हैं। कई राज्यों में तो भाजपा ने भी मंईयां सम्मान का वादा किया था। हेमन्त सोरेन ने कहा कि दिल्ली में भी भाजपा ने महिलाओं को सम्मान राशि देने का वादा किया था, लेकिन अब जबकि येन-केन प्रकारेण सत्ता पर काबिज हो गयी है तो योजना पर गोलमोल जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड से पहले जिन भी राज्यों में चुनाव हुए, वहां भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं को सम्मान राशि देने का वादा किया था। लेकिन आज किसी भी राज्य में यह वादा पूरा नहीं किया जा रहा है। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में पहले से ही लाडली बहना योजना संचालित है, जिसके तहत महिलाओं को 1200 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। चुनाव से पहले शिवराज सिंह चौहान की तात्कालीन सरकार ने ये योजना लॉन्च की थी। आरोप हैं कि योजना का राशि में कटौती की जा रही है। महाराष्ट्र में भी चुनाव पूर्व माझी लाडकी बहना योजना लॉन्च की गयी थी। ओडिशा में सुभद्रा योजना संचालित है तो वही छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना चलाई जा रही है। सीएम हेमन्त इसी का जिक्र कर रहे थे। सीएम हेमन्त ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में भले ही महिलाओं को सम्मान राशि नहीं मिल रही हो, लेकिन हमारी सरकार ने झारखण्ड में इसे सफलतापूर्वक लागू किया है। इस योजना के लिए हमारी सरकार ने सालाना लगभग 13,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। गौरतलब है कि हालिया जारी बजट में हेमन्त सोरेन सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए करीब 13,363 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। सीएम ने कहा कि हमारी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि मंईयां सम्मान योजना के लिए इतनी बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। सीएम ने कहा कि हम जानते हैं कि हमारे पास क्या व्यवस्था है, हमारी क्षमता कितनी है,, लेकिन फिर भी हमने प्रयास किया है। गौरतलब है कि झारखण्ड विधानसभा चुनाव से पहले हेमन्त सोरेन सरकार ने अगस्त 2024 में मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत महिलाओं को 1-1 हजार रुपये की चार किश्तें दी गई। चुनाव से पहले आखिरी कैबिनेट मीटिंग में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ऐलान किया कि चुनाव बाद सत्ता में आने पर योजना की राशि बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह कर दी जायेगी। वादे के मुताबिक चुनाव बाद दिसंबर में 2500 रुपये की पहली किश्त दी गयी। इसके बाद मार्च में 3 माह की राशि एकमुश्त दी गई, अब अप्रैल में अगली किश्त आयेगी।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button