झारखंड

पंचायत राज और कृषि विभाग की निदेशक रही आईआरएस अधिकारी निशा उरांव को राज्य सरकार ने किया रिलीव

एनपीटी,

रांची, आईआरएस अधिकारी निशा उरांव की सेवा उनके मूल विभाग को लौटा दी गयी है। राज्य सरकार ने उन्हें रिलीव कर दिया है। झारखण्ड सरकार में पंचायती राज और कृषि विभाग की निदेशक रही निशा उरांव अब अपने मूल विभाग में सेवा देंगी। भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी निशा अब अपने मूल विभाग केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार में योगदान करेंगी। उन्होंने अपने सामाजिक मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस परिवर्तन को एक नये जीवन अध्याय की शुरुआत बताया। झारखण्ड सरकार में पंचायती राज और कृषि विभाग की निदेशक पद पर कार्यरत रही भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की अधिकारी निशा उरांव को 9 अप्रैल 2025 को विरमित कर दिया गया है। झारखण्ड राज्य कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा बुधवार को इसके सम्बन्ध में अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत उन्हें उनके मूल विभाग केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, राजस्व विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में योगदान के लिए निर्देशित किया गया है। जानकारी के मुताबिक निशा उरांव वर्ष 2020 से झारखण्ड सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थी। वे 31 अगस्त 2020 से लेकर 9 अप्रैल 2025 तक, लगभग पांच वर्षों तक राज्य सरकार की सेवा में रही। इस दौरान उन्होंने पंचायती राज निदेशक और बाद में कृषि निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। अपनी विदाई के अवसर पर निशा उरांव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए झारखण्ड सरकार और राज्य की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने लिखा है कि आज झारखण्ड सरकार से विरमित होकर वापस जा रही हूं। मैंने बतौर पंचायती राज निदेशक और कृषि निदेशक राज्य की जनता की सेवा की। इस दौरान मुझे अफसरों, कर्मियों और समाज से असीम स्नेह मिला, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। उन्होंने आगे लिखा कि, खासकर पंचायती विभाग के अनुभव ने मेरे जीवन को एक नई दिशा और एक नया लक्ष्य दिया है। यह अनुभव मेरे लिए जीवन बदलने वाला रहा है। मैं प्रण लेती हूं कि आगे भी पूरी निष्ठा से जनसेवा करती रहूंगी। समाज को उसके मूल अधिकार और सेवाएं देने हेतु सदा समर्पित रहूंगी। निशा उरांव ने पोस्ट में लिखा है कि- ईश्वर ने लक्ष्य दिया है, ईश्वर ही आगे का रास्ता दिखाएंगे। जय मां भारती, जय सरना।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button