
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी चौकी क्षेत्र में दुकानदारों के बीच मारपीट का एक मामला सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोनी बॉर्डर पुलिस हरकत में आई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदीप वर्मा पुत्र अर्जुन सिंह, उज्जवल वर्मा, अंकित वर्मा तथा 3-4 अज्ञात व्यक्तियों पर आरोप है कि वे लक्ष्मी गार्डन मार्केट के निवासी हैं और सुनार की दुकान का संचालन करते हैं। बताते हैं कि इन लोगों ने अनिल कुमार पुत्र कन्हैया लाल और उनके पुत्र लकी के साथ उनकी दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। घटना का वीडियो पीड़ित पक्ष के पास मौजूद है, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि इंद्रापुरी चौकी में कुछ लोगों ने डराने-धमकाने और दबाव बनाकर अनिल कुमार से फैंसले के कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए। साथ ही यह आरोप भी लगाया गया है कि पुलिस ने पहले आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। लेकिन वीडियो वायरल होने और मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद लोनी बॉर्डर पुलिस ने घायल अनिल कुमार का लगभग 24 घंटे बाद मेडिकल परीक्षण कराया। वीडियो में कुछ लोग मारपीट और गाली-गलौज करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज़ नहीं हो पाई थी। क्षेत्र में दुकानदारों के बीच इस तरह की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हैं

