जिले में शान से लहराया तिरंगा, निकाली गई झांकी, मंत्री व डीसी – एसपी ने किया विजेताओं को पुरस्कृत

एनपीटी पाकुड़ ब्यूरो,
पाकुड़ ( झा०खं०), 76वां गणतंत्र दिवस ( 26 जनवरी 2025) के शुभ मुहूर्त पर जिला पाकुड़ स्थित रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में हेमन्त सरकार 2.0 यानी झारखण्ड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झण्डोत्तोलन किया। इससे पहले नियमानुसार उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अपने सम्बोधन करते हुए समस्त जिलावासियों को 76 वें गणतंत्र दिवस की ढेर सारी बधाईयां एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने कहा कि देश आज पूरे हर्षोल्लास के साथ भारतीय गणतंत्र की 75 वीं सालगिरह मना रहा है। आज के दिन 26 जनवरी 1950 को देश में भारतीय संविधान लागू किया गया था। आज का दिन हम भारतीयों के लिए एक गौरवशाली दिन है। इन 75 वर्षों की यात्रा के दौरान देश ने काफी तरक्की की है। झारखण्ड भी प्रगति के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार का मुख्य लक्ष्य है झारखण्डवासियों का सर्वांगीण एवं सतत विकास। हमारी सरकार वादा करती ही नहीं है, वादा निभाती भी है। इसका प्रमाण और उदाहरण है मंईयां सम्मान योजना में 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की मां- बहनों को 1000 हजार रुपए से बढ़ाकर 2500 रूपये की राशि बैंक खाते में भेजी जा चुकी है और यह जारी रहेगा। कहा कि मैं आपके माध्यम से पूरे राज्य की जनता को ये बताना चाहता हुं कि हमारी सरकार का संकल्प है, हर हाथ को काम, हर चेहरे पर मुस्कान। समाज के हर वर्ग का विकास और प्रगति हमारी सरकार का लक्ष्य है। समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को आगे बढ़ाना। हर वर्ग और समुदाय के लोगों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तक, न हम रुकेंगें न थकेंगें। हेमन्त सरकार 2.0, लोकतंत्र की मूल भावना, जनता का, जनता के लिए, जनता के द्वारा के मूल विचार को अपना आधार मानती है। सरकार आपके द्वार जैसा कार्यक्रम उसी मूल विचार के आधार का परिणाम है। हेमन्त सोरेन की सरकार, न पहले रांची से चली, न इस बार भी रांची से चलेगी। हमारी सरकार की सोच है झारखण्ड के हर गांव, कस्बा, शहर को रांची जैसा बना दिया जाय। सरकार के सामने कई चुनौती है। लेकिन हौसला हिमालय से भी ज्यादा बुलंद है। हमारी सरकार का मानना है कि हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार हर वादा निभायेंगी। कहा आपको अधिकारियों और उनके कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा, ऐसी व्यवस्था हमारी सरकार ने पहले भी किया था। थोड़ा इंतजार करे, फिर से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू होगा। सरकार अधिकारियों के माध्यम से हर पंचायत तक पहुंचेगी। हमारी सरकार की कोशिश है विश्वास की बुनियाद पर विकास की बुलंद इमारत खड़ी करना। विकास के साथ अपनी पहचान, संस्कृति, भाषा, परम्परा, विरासत और संस्कारों को बनाये और बचाये रखना हमारी सरकार की आधारभूत सोच है। राज्य के मुख्यमंत्री और युवा दिलों की धड़कन हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड विकास की नई बुलंदियों को छुयेगा। मुश्किलों का सामना करना और कठिन रास्तों के बीच जो हिम्मत बनाये रखे, उसे हेमन्त सोरेन कहते है। राज्य के सभी जिलों के सर्वांगीण विकास की रूप रेखा तैयार है। कई लोक जनकल्याणकारी योजना सभी जिलों में पहले से ही चल रही है। कई नई योजनाओं पर राज्य सरकार विचार मंथन कर रही है, जिसकी घोषणा जल्द ही की जायेगी। युवाओं और युवतियों से कहना चाहुंगा कि राज्य में जल्द ही बड़े पैमाने पर सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पद भरे जायेंगें। नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। आप लोग मन लगा कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करे। आप सभी से आग्रह है कि आप इस सरकार पर भरोसा बनाये रखे। आपकी हर उम्मीद पूरी होगी, हर सपना साकार होगा। हमारे राज्य में न ही संसाधन की कमी है और न ही क्षमतावान युवक-युवतियों की। उन्हें अपनी क्षमता सिर्फ सकारात्मक दिशा में लगाना है। युवा पीढ़ी ही झारखण्ड का भविष्य है। हम सब को मिलकर झारखण्ड को देश का सिरमौर राज्य बनाना है। समाज का हर वर्ग आगे आये, सरकार के प्रयासों को जमीन तक पहुंचाने में मदद करे।, मेरी सबसे विनती है, वक्त है मतभेद मिटाने का, वक्त है भविष्य संवारने का। मतभेद लोकतंत्र की ताकत है, मनभेद नहीं होने चाहिये। पाकुड़ जिले के उपायुक्त द्वारा उपलब्ध करायी जानकारी बेहद ही संतोषजनक और उत्साहवर्धक है। जिले के 10वीं एवं 12वीं कक्षा के छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के उद्देश्य से उपायुक्त के नेतृत्व में प्रोजेक्ट परख तैयारी उड़ान की कार्यक्रम की शुरूआत की गयी है। परीक्षा परिणामों में पाकुड़ जिला राज्य में उच्च क्रम में रहे, इस दिशा का प्रयास हो रहा है। इसके अतिरिक्त जिला, प्रखण्ड एवं विद्यालय स्तर पर पुस्तकालय खोलने की भी योजना है। पाकुड़ जिला में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में समान अवसर एवं योजनाबद्ध तैयारियों की सुविधाएं प्राप्त नहीं हो पाने के कारण कई होनहार छात्र-छात्राएं सरकारी नौकरियाँ पाने में असफल रहते हैं। इसे देखते हुए उपायुक्त, पाकुड़ द्वारा प्रोजेक्ट प्रयास हुनर से होनहार तक का सफर कार्यक्रम की परिकल्पना कर इसे साकार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक सुलभ रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पॉडकास्ट कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस हेतु समाहरणालय पाकुड़ में पॉडकास्ट कक्ष का निर्माण कराया गया है। पाकुड़ जिला अन्तर्गत क्षेत्र की सुन्दरता बढ़े, इस हेतु पाकुड़ जिला प्रशासन प्रयासरत है। इस दिशा में कई कार्य किये जा चुके हैं। झारखण्ड और झारखणड के बाहर काम करने वाले श्रमिकों को उपलब्ध कराये जाने वाली सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिले, इसे सुनश्चित करना मेरा संकल्प है। श्रम विभाग के अन्तर्गत आने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में पाकुड़ जिला का प्रदर्शन सराहनीय है। सक्षम झारखण्ड कौशल विकास योजना (एस.जे.के.वी.वाई.) के तहत 01 सेन्टर पाकुड़ सदर में चल रहा है, जिसमें 02 प्रकार का (ट्रेड) कोर्स चल रहा है। साथ ही दो नये सेन्टर सक्षम झारखण्ड कौशल विकास योजना (एस.जे.के.वी.वाई) के पाकुड़ में एवं ब्लॉक लेवल इंस्टिच्यूट फॉर रूलर स्कील एक्वीजीशन (बी.आई. आर.एस.ए.) के तहत 01 सेन्टर आमड़ापाड़ा में खोलने की प्रक्रिया चल रही है। पाकुड़ जिले में अभी तक कुल 7,409 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिसमें 4,741 बच्चों को सर्टिफिकेट वितरण एवं 2032 बच्चों को देश के विभिन्न कम्पनियों में नियुक्ति दिलाया गया है। झारखण्ड का औधोगिक विकास से तेजी हो, इस दिशा का हर सम्भव प्रयास हमारी सरकार कर रही है। इस प्रयास को जमीं पर उतारने का जिम्मा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुझे दिया है। मुख्यमंत्री के भरोसे पर खरे उतर कर झारखण्ड में चल रहे उद्योगों की हर समस्या दूर करूंगा। नये उद्योग लगाने का माहौल झारखण्ड में तैयार किया जा रहा है। उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पाकुड़ जिला ने काफी बेहतर कार्य किया है। नियोजन का जिम्मा भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मुझे दिया है। नियोजन के अवसर बढ़ाने के लिए हर जरूरी प्रयास किये जा रहे है। पाकुड़ जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 03 रोजगार मेला का आयोजन किया जा चुका है। जिसमें 58 विभिन्न कम्पनियों द्वारा भाग लिया गया एवं 634 बेरोजगारों को अन्तिम रूप से रोजगार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावे सरकार के अन्य सभी विभागों की योजनाएं पाकुड़ जिले में सक्रियता से धरातल पर उतारी जा रही है। पाकुड़ जिला के लोगों से आग्रह है कि वो अपने अधिकार के प्रति सजग रहे। हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार जनता के अधिकारों का अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दास्त नहीं कर सकती। अधिकार जानें- अधिकार मांगें, नहीं मिले तो सरकार तक आवाज पहुंचायें। अबुआ सरकार आपके हितों की रक्षा के लिए हर पल तैयार है। इससे पूर्व मंत्री संजय प्रसाद यादव एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने निरीक्षण वाहन पर सवार होकर परेड की 10 टोलियों का निरीक्षण किया। 76वां गणतंत्र दिवस समारोह के मौके पर 17 विभागों के द्वारा झांकियां निकाली गई। साथ ही झांकियां प्रदर्शनी में शामिल मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों श्रम विभाग एवं नियोजन विभाग, पाकुड़, जिला ग्रामीण विकास शाखा, जिला वन प्रमंडल कार्यालय, जिला आपूर्ति विभाग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खनन विभाग, कृषि विभाग एवं उद्यान विभाग, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं जेएसएलपीएस, बैंक, उद्योग विभाग पाकुड़ आदि के द्वारा विभागों में संचालित योजनाओं के थीम ध्यानार्थ झांकियां निकाली। जिसमें सफल प्रथम, जिला परिवहन कार्यालय, मनरेगा, द्वितीय जिला वन प्रमंडल विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग व तृतीय स्थान शिक्षा विभाग एवं जिला समाज कल्याण विभाग की झांकियों को मंत्री के द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। 76 वें गणतंत्र दिवस पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने अपने कार्यालयों में झण्डोत्तोलन किया। इसी क्रम में सबसे पहले उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने अपने गोपनीय कार्यालय परिसर में झण्डोत्तोलन किया। तत्पश्चात उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने गोपनीय कार्यालय परिसर एवं समाहरणालय परिसर में झण्डोत्तोलन किया। जिला परिषद कार्यालय में जिला परिषद अध्यक्ष जुली ख्रिष्टमणी हेम्ब्रम ने, पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने, अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ साईमन मरांडी आदि ने झण्डोत्तोलन किया। सभी ने तिरंगे को सलामी दी। इसके अलावे सभी प्रखण्ड सह- अंचल कार्यालयों में बीडीओ- सीओ, थानों में थाना प्रभारी, गैर सरकारी संस्थानों व शिक्षण संस्थानों में झण्डोत्तोलन हुआ। जिले भर में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व को मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, डीएफओ सौरभ चंद्रा, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय पीएम कुजूर, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी विकास कुमार त्रिवेदी, जिले के सभी पदाधिकारीगण, कर्मी एवं जिला के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।