
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरेली कॉलेज मैदान में भव्य विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 469 जोड़ों ने विवाह के बंधन में बंधकर नई जिंदगी की शुरुआत की। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि इनमें 97 मुस्लिम जोड़ों ने भी मंच पर ही निकाह की रस्में अदा कीं। कार्यक्रम के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना महापौर डॉक्टर उमेश गौतम जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल भी मौजूद रही जिनके द्वारा नव विवाहितों को आशीर्वाद दिया गया।मुख्य विकास अधिकारी दिव्यानी ने गायत्री परिवार के संस्थापक के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीडीओ ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समान अवसर प्रदान करना और सामाजिक समरसता बढ़ाना है।
372 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, जबकि 97 मुस्लिम जोड़ों का निकाह काजी द्वारा कराया गया। विवाह मंडप को आकर्षक रूप से सजाया गया था। करीब 300 से अधिक अतिथि और बाराती कार्यक्रम में मौजूद रहे। विद्वान आचार्यों द्वारा विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।सरकार की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को स्टील का बर्तन सेट, डिनर सेट, अलमारी, चकला-बेलन, चांदी के पायल, लिबास, वॉटर कूलर, प्रेस, पंखा, बेडशीट, घड़ी, और अन्य गृहस्थी का सामान उपहारस्वरूप दिया गया। इसके अलावा विवाह प्रमाण पत्र और योजना लाभ के दस्तावेज भी सौंपे गए।



