गोड्डा

महागामा के बनरचुआ ग्राम में हुए गोलीकांड मामले में दो अभियुक्त गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाईम्स व्यूरो, गोड्डा
गोड्डा : बीते 19 अप्रैल 2025 की रात्रि करीब 9.45 बजे ग्राम बनरचुआ, थाना महागामा, जिला गोड्डा के निवासी श्यामा झा, पिता हरिकिशोर झा के गोली लगने की सूचना के बाद वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए घटनास्थल पर जाकर सत्यापन किया गया, जिसमें घटना को सत्य पाया गया था। उक्त संदर्भ में महागामा थाना काण्ड संख्या 89/2025 दिनांक 20.04.2025 सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत प्राथमिकी के चार नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध अंकित कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एस आई टी) का गठन कर काण्ड उद्दभेदन / काण्ड में शामिल अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की गयी जिसमें दो अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।
वहीं मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में घायल श्यामा झा अभी इलाजरत है।
इस मामले में दो अभियुक्त की हुई गिरफ्तारी के पश्चात महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने गोड्डा एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले से संबंधित जानकारी दी। इस दौरान उनके साथ सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मामले के अनुसंधान एवं छापामारी में काण्ड के प्राथमिकी अभियुक्त निवेदिता देवी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा अभियुक्त के द्वारा उपयोग में लाये गये मोबाईल को विधिवत जप्त कर तकनीकी विश्लेषण किया गया। वहीं तकनीकी विश्लेषण तथा प्राथमिकी अभियुक्त निवेदिता देवी ने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में अप्राथमिकी अभियुक्त राजाराम यादव उर्फ राजू के अपराध में शामिल होने की बात बताई, जिसके उपरान्त अप्राथमिकी अभियुक्त राजाराम यादव उर्फ राजू को पूछ-ताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया। काण्ड अनुसंधान तथा पूछ-ताछ में यह बात प्रकाश में आई की जमीन विवाद को लेकर इस काण्ड के प्राथमिकी अभियुक्त निवेदिता देवी के पति सच्चिदानंद मिश्रा की हत्या वर्ष 2023 में कर दी गई थी। इस काण्ड को लेकर महागामा थाना काण्ड संख्या 167/2023 दिनांक 24.07.2023 धारा 302/34 भा०द०वि० अंकित कराया गया था। उक्त घटना को लेकर बदला लेने के नियत से इस घटना को अंजाम दिया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लागातार छापामारी की जा रही है।
गिरफ्तारी अभियुक्त की पहचान प्राथमिकी अभियुक्त निवेदिता देवी, उम्र 37 वर्ष, पति स्व० सच्चिदानंद मिश्रा, सा० बनरचुवा एवं अप्राथमिकी अभियुक्त राजाराम यादव उर्फ राजू, उम्र 27 वर्ष, पिता कपिलदेव यादव, सा० मोहानी, थाना महागामा, जिला गोड्डा के रूप में की गई। उक्त छापेमारी में तीन मोबाईल जब्त किया गया एवं एक गोली का खोखा बरामद किया गया। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो (महागामा प्रभाग), पुलिस अवर निरीक्षक शिवदयाल सिंह, थाना प्रभारी, महागामा थाना, पुलिस अवर निरीक्षक राज गुप्ता, महागामा थाना, पुलिस अवर निरीक्षक अश्विनी कुमार, महागामा थाना, पुलिस अवर निरीक्षक रोमा कुमारी, महागामा थाना, तकनीकी शाखा कर्मी एवं महागामा थाना के सशस्त्र बल मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button