अमरोहा में पशु चिकित्सक की लापरवाही से गोवंश की मौत

किसान ने फोन किया, डॉक्टर नहीं पहुंचा; गौशाला ने भी मना किया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा l हसनपुर के ग्राम सकतपुर में एक गोवंश की मौत पशु चिकित्सक की लापरवाही के कारण हो गई। किसान जोगेंद्र प्रजापति ने अपने खेत पर कुत्तों द्वारा घायल किए गए गोवंश को देखा। उन्होंने आसपास के किसानों की मदद से कुत्तों को भगाया। जोगेंद्र ने पशु चिकित्सक डॉ. चरणजीत को फोन किया। डॉक्टर ने मौके पर आने की बजाय पशु को सीधे गौशाला ले जाने को कहा। चौकुनी गौशाला के संचालक ने घायल पशु को लेने से मना कर दिया। किसान ने इस मामले की शिकायत सैदनगली थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी से की। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने घायल पशु को गौशाला भिजवाया। लेकिन समय पर इलाज न मिलने से पशु की मौत हो गई। इस घटना से नाराज राष्ट्र सेवी संगठन के कार्यकर्ताओं ने बेगपुर मुंडा चौराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पशु चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में कृष्ण कुमार शर्मा, शिवनरेश जाटव, डॉ. रुमाल सिंह सैनी, आशाराम पाल, महेंद्र सैनी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।