फर्जी NOC से फार्मेसी इंस्टीट्यूट को मान्यता

अमरोहा के मेस्को इंस्टीट्यूट के प्रबंधक-प्रधानाचार्य पर FIR, पालिका क्षेत्र में नहीं था कॉलेज
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अमरोहा : अमरोहा में मेस्को इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी पर फर्जी दस्तावेजों से मान्यता लेने का मामला सामने आया है। पालिका ईओ की शिकायत पर इंस्टीट्यूट के प्रबंधक और प्रधानाचार्य समेत अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पालिका ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि निजामपुर गर्वी अमरोहा धनौरा रोड स्थित इंस्टीट्यूट ने मान्यता के लिए फर्जी एनओसी का सहारा लिया। इंस्टीट्यूट ने दिखाया कि एनओसी नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी की थी। जबकि एनओसी जारी करने का अधिकार सिर्फ पालिका ईओ को है। जांच में सामने आया कि एनओसी 24 जनवरी 2018 की दिखाई गई। लेकिन निजामपुर गर्वी क्षेत्र 21 जुलाई 2022 तक पालिका क्षेत्र में था ही नहीं। प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया। उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने 8 अगस्त 2024 को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इंस्टीट्यूट पर अवैध तरीके से शासकीय लाभ लेने का आरोप भी है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने पुष्टि की है कि इंस्टीट्यूट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।



