मुरादाबाद में कृषि जागरूकता की नई पहल, अपर निदेशक ने दी स्मार्ट खेती की सीख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मुरादाबाद। विकसित कृषि संकल्प अभियान उत्तर प्रदेश के अपर कृषि निदेशक जगदीश कुमार ने जनपद मुरादाबाद के विकास खंड ठाकुरद्वारा के ग्राम पंचायत रामनगर खागूवाला में आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें वैज्ञानिक तरीकों से खेती, भूमि एवं जल संरक्षण, और एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी
कृषि निदेशक जगदीश कुमार ने किसानों से धान की जगह मक्का, दलहन, तिलहन ज्वार, बाजरा, कोदो, मडुवा, रागी आदि की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने मक्का की खेती से संबंधित उन्नत तकनीकों की जानकारी भी दी और उपस्थित वैज्ञानिकों से जानकारी लेकर उसका लाभ उठाने पर जोर दिया।कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक मुरादाबाद सन्तोष कुमार द्विवेदी ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पराली न जलाने, खेतों की मेड़ों को मजबूत करने, मिट्टी की जांच, और प्राकृतिक खेती जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ उठाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है।
कृषि विज्ञान केंद्र ठाकुरद्वारा के प्रभारी डा. रविन्द्र सिंह ने डीएसआर विधि से धान की खेती, उड़द, मूंग, तिल और श्री अन्न की खेती की जानकारी दी। वहीं, वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. दीपक कुमार ने खरीफ फसलों में लगने वाले रोगों और उनके नियंत्रण पर प्रकाश डाला। भारतीय आलू अनुसंधान केंद्र, मेरठ के मुख्य वैज्ञानिक डा. योगेश कुमार गुप्ता ने आलू की वैज्ञानिक खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में पशुपालन, उद्यान एवं गन्ना फसलों से संबंधित जानकारियां भी दी गईं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डा. वीर सिंह सैनी ने किसानों से सरकार की योजनाओं और वैज्ञानिकों से जुड़कर खेती करने का आह्वान किया और हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अन्य विभागों के प्रतिनिधि, कई ग्राम पंचायतों के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं भारी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने किसानों में विशेष उत्साह उत्पन्न किया।
