अमरोहा में किसानों ने NH-9 किया जाम

रिश्वत मांगने का आरोप, ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर अवैध वसूली का विरोध
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अमरोहा : गजरौला क्षेत्र में बुधवार को किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के नेतृत्व में किसानों ने भानपुर फाटक के पास नेशनल हाईवे-9 पर जाम लगा दिया।
किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने अंडरपास और सर्विस लेन को पूरी तरह बंद कर दिया। इससे हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
5 घंटे से चल रहे इस धरने में किसानों ने चेतावनी दी है। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर जवाब नहीं देंगे, धरना जारी रहेगा। अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रशासन के उच्च अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। यह आंदोलन अब किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई बन गया है। इसकी गूंज पूरे जिले में फैल रही है।


