
“दो साल से नहीं बढ़े सफाईकर्मी”
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-41 की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय सभासद अंकुश जैन (मिंकु) का आक्रोश खुलकर सामने आया है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी की उदासीनता और पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण उनका वार्ड बदहाली की कगार पर पहुंच गया है।
सभासद का कहना है कि वह लगातार क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नगरपालिका की अनदेखी के चलते हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। उनका आरोप है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो अधिशासी अधिकारी किसी निजी द्वेष या किसी प्रभावशाली जनप्रतिनिधि के दबाव में आकर वार्ड-41 को जानबूझकर उपेक्षित कर रहे हों।
उन्होंने कहा कि पूरे वार्ड में जगह-जगह गंदगी और कूड़े-करकट के ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नालियां और सीवर जाम होकर ओवरफ्लो हो रहे हैं, जिससे गंदा पानी मुख्य सड़कों पर बह रहा है। बेहटा हाजीपुर नहर के किनारे जमा कीचड़ और कूड़े का अंबार क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। जिसके संक्रमण के चलते बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है
सभासद अंकुश जैन ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके द्वारा पिछले लगभग दो वर्षों से बार-बार मांग करने के बावजूद वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ाई गई। मौके पर मुश्किल से 8 से 10 कर्मचारी ही दिखाई देते हैं, जबकि ड्यूटी रजिस्टर में 13 से 17 कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कर ली जाती है। उनके अनुसार यह सीधा-सीधा भ्रष्टाचार और कागजी खानापूर्ति का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि जब जनता गंदगी और अव्यवस्था को लेकर अपने जनप्रतिनिधि से सवाल करती है तो उन्हें भी शर्मिंदगी और पीड़ा का सामना करना पड़ता है।
सभासद ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वार्ड-41 में तत्काल पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और सरकार की छवि भी खराब होने से बचाई जा सके


