असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया बराक घाटी के लिए एकीकृत विकास योजना तैयार।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
असम : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने बराक घाटी क्षेत्र को मजबूत विकास पथ पर लाने और इसके विकास की गति को तेज करने के लिए कल मंगलवार को लोक सेवा भवन स्थित अपने कार्यालय में मंत्रियों, विधायकों और बराक घाटी विकास विभाग के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में, कई सामाजिक, आर्थिक और रणनीतिक कारणों से बराक घाटी के महत्व पर जोर देते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने बराक घाटी के तीन जिले श्रीभूमि, कछार और हैलाकांडी में संतुलित विकास के लिए एक सामान्य विकास लक्ष्य की बात कही । मुख्यमंत्री सरमा ने बराक घाटी में किए जा रहे तथा चल रहे विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया। विकास पहलों को शुरू करने के लिए सामान्य विकास लक्ष्य पर जोर देते हुए, मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि सरकार ऐसी परियोजनाओं की कल्पना कर रही है जो तीनों जिलों के लोगों को समान रूप से लाभान्वित करेंगी। इसलिए, उन्होंने लोगों पर दूरगामी प्रभाव डालने वाली और मूर्त परिवर्तन लाने की क्षमता रखने वाली परियोजनाओं को लेने के लिए हितधारकों और जिला पदाधिकारियों के बीच उचित समन्वय का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बराक घाटी के लोगों, आम लोगों और खास तौर पर छात्रों के लाभ के लिए सरकार राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के साथ-साथ कोलकाता में भी बराक घाटी भवन स्थापित करने के लिए कदम उठा रही है। बराक घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक संपदा और यहां के युवाओं की खेल प्रतिभा को ध्यान में रखते हुए डॉ. सरमा ने बराक घाटी विकास विभाग से आने वाले दिनों में बराक सांस्कृतिक महोत्सव और बराक खेल महोत्सव आयोजित करने को कहा। उन्होंने विभाग से जिलों के सभी सिविल अस्पतालों में एमआरआई सुविधाएं शुरू करने के लिए भी कदम उठाने को कहा। इस बैठक में कछार जिले के संरक्षक मंत्री जयंत मल्लाबरुआ, खाद्य, पशु चिकित्सा और पशुपालन मंत्री कृष्णेंदु पॉल, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री कौशिक राय, बराक घाटी के विधायक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. केके द्विवेदी, बराक घाटी विकास विभाग के सचिव आदिल खान और अन्य कई अधिकारी उपस्थित थे।