बहराइच
दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप,
हरदी पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार, ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर केस दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बहराइच : दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। हरदी थाना पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार गोस्वामी को महसी महराजगंज रोड के महेशपुरवा तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका के पिता राम बहादुर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी संगीता की शादी करीब दो साल पहले अनिल कुमार से की थी। उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया था। लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग सोने की चेन और मोटरसाइकिल की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर संगीता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। 12 जून को दोपहर करीब 2 बजे आरोपियों ने संगीता को मारकर रस्सी से कमरे में लटका दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के मुताबिक, पीड़ित पिता की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें पति अनिल कुमार, ससुर प्रेमचंद, जेठ प्रदीप कुमार, सास सुशीला, जेठानी सोनवा और चचेरे ससुर राकेश शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना कर दिया है।



