खैरथल
जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में आमजन के सुने परिवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलक्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरूवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा के वीसी सभागार में आयोजित की गई। जिला स्तरीय जनसुनवाई में 67 प्रकरण प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर परिवादों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में सिवायचक भूमि पर अतिक्रमण, कस्टोडियन लैंड, पेमाइश, रास्ते पर अतिक्रमण, भूमि पर अतिक्रमण, बिजली, खाद्य सुरक्षा में नाम जुड़वाने,सड़क, विभिन्न प्रकरणों की पुलिस जांच कराने तथा पेयजल समस्या सहित अन्य परिवाद प्राप्त हुए जिन पर जिला कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए संबंधित उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी और सम्बंधित विभागों को परिवादों के निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने सभी परिवादियों को की गई कार्यवाही से अवगत कराते हुये गुणवत्तापूर्ण प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दिये।
जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी राजस्थान सम्पर्क पोर्टल 2.0 , सीएमओ, मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रकोष्ठ एवं जनसुनवाईयों में प्राप्त होने वाले प्रकरणों का त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित करें। अधिकारी प्रकरणों को लेकर ना बैठे, परिवाद के आवंटित होने पर हाथों-हाथ निस्तारण करें।


