सीएम हेमन्त सोरेन के पिता शिबू सोरेन का नाम आन्दोलनकारी सूची में शामिल
CM Hemant Soren's father Shibu Soren's name included in the list of agitators

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। सीएम हेमन्त सोरेन के पिता व अलग राज्य निर्माण आन्दोलन में अहम भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरू शिबू सोरेन समेत 2997 आन्दोलनकारियों और उनके आश्रितो की पहचान की गई। बता दे कि यह पहचान राज्य के 21 जिलों में की गयी है। इस सम्बन्ध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने एक आधिकारिक अधिसूचना भी जारी किया है। जिसमें इस पूरी प्रक्रिया और चिन्हित व्यक्तियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जारी अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि झारखण्ड को अलग राज्य बनाने के लिए किये गये आन्दोलन के आन्दोलनकारियों और उनके आश्रितों को चिह्नित करने के उद्देश्य से एक विशेष आयोग का गठन किया गया था। इस आयोग ने ही यह पहचान प्रक्रिया पूरी की है। इसके साथ ही चिह्नित आन्दोलनकारियों या उनके आश्रितों को सम्मान पेंशन और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए एक विस्तृत नीति भी तैयार की गई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह- राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन झारखण्ड आन्दोलनकारी घोषित किये गये हैं। झारखण्ड आन्दोलनकारी चिह्नितीकरण आयोग ने 75वीं औपबंधिक सूची रामगढ़ जिले के लिए जारी की है। इस सूची में शिबू सोरेन का नाम दिया गया है। आयोग की विवरणी में शिबू सोरेन, पिता स्व. सोबरन सोरेन, उम्र 81 वर्ष, ग्राम नेमरा, प्रखंड गोला, जिला रामगढ़ नाम दिया गया है। शिबू सोरेन झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिता हैं। इस जारी आन्दोलनकारी सूची के अनुसार बोकारो जिले से 57, चतरा- 89, देवघर- 145, धनबाद- 34, दुमका- 79, जमशेदपुर- 489, गढ़वा- 27, गिरिडीह- 431, गोड्डा – 277, गुमला- 08, हजारीबाग – 256, जामताड़ा- 301, खूंटी- 18, लातेहार- 05, लोहरदगा- 65, पलामू- 44, रामगढ़- 177, रांची- 304, साहेबगंज- 03, सरायकेला – 111 व चाईबासा – 74 यानी करीब 2997 आन्दोलनकारी या उनकी आश्रितों को चिन्हित किया गया है।


