ईंट भट्ठे पर कब्जे का विवाद
बाराबंकी में भाजपा नेता पर किसानों और भट्ठा मालिक का आरोप, एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी जमीन नहीं छोड़ी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में ईंट भट्ठे को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा नेता ओमप्रकाश पर एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी जमीन खाली न करने का आरोप लगा है।
मामला बनमऊ थाना क्षेत्र के ऊं बिक्र फील्ड ईंट भट्ठे का है। भाजपा नेता ओमप्रकाश और रंजना वर्मा का 15 साल का एग्रीमेंट 2009 से 2024 तक था। एग्रीमेंट समाप्त होने पर किसानों ने नीरज वर्मा के साथ नया एग्रीमेंट किया। पुरानी ईंटों का बंटवारा ओमप्रकाश और रंजना वर्मा के बीच हुआ। दोनों को 27-27 लाख ईंटें मिलीं। आरोप है कि बंटवारे के बाद ओमप्रकाश ने रंजना वर्मा के हिस्से की करीब 5 लाख ईंटें भी ले लीं। साथ ही रंजना वर्मा और नीरज वर्मा की ईंटों की बिक्री में भी बाधा डाल रहे हैं। किसानों का आरोप है कि ओमप्रकाश यूकेलिप्टस के पेड़ों पर मालिकाना हक दिखाकर फर्जी किसानों के जरिए उन्हें परेशान कर रहे हैं। पीड़ित किसान रज्जूलाल, वीरेंद्र, रामशरण, पीतांबर, रामगोपाल समेत एक दर्जन किसानों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बाराबंकी को शिकायती पत्र सौंपा है। फतेहपुर एसडीएम न्यायालय के आदेश के बावजूद मामले का समाधान नहीं हो पाया है। भट्ठा मालिक नीरज वर्मा और पीड़ित किसान न्याय की गुहार लगा रहे हैं।



