गोड्डा
झारखंड के गोड्डा जिला के सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे मोकलचक
मृतक ऋषि कुमार के परिजनों से की मुलाकात, न्याय का दिलाया भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा : लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बसंतराय थाना क्षेत्र के मोकलचक गांव पहुंचकर हाल ही में मृत पाए गए युवक ऋषि कुमार के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और मामले में उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
परिजनों ने सांसद को बताया कि गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान कुछ अल्पसंख्यक समुदाय के युवकों ने ऋषि कुमार को अपने साथ ले जाकर बेरहमी से उनकी जान ले ली और शव को एक बाबुल के पेड़ पर लटका दिया। यह घटना पूरे इलाके में तनाव का कारण बन गई है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सांसद निशिकांत दुबे ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर एक बड़ा हमला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं स्वयं इस मामले की निगरानी करूंगा और जरूरत पड़ी तो इसे विधानसभा और संसद में भी उठाया जाएगा।”
उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने की बात कही है।
गांव में अब भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और दोषियों की तलाश जारी है।



