मुरादाबाद
कपूर कंपनी पुल अधूरा, ट्रैक पार करते बुजुर्ग की मालगाड़ी से कटकर मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। रेलवे की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। ढाई साल से अधर में लटका कपूर कंपनी पुल अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे आमजन को ट्रैक पार करने की मजबूरी बनी हुई है। इसी के चलते एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
रेलवे की लापरवाही से गई 60 वर्षीय बुजुर्ग की जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाइनपार के प्रकाश नगर निवासी हरप्रसाद (60) सुबह किसी काम से शहर की ओर जा रहे थे। कपूर कंपनी पुल अब तक न बनने के कारण उन्हें रेलवे ट्रैक पार करना पड़ा। इसी दौरान करीब 11:20 बजे लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार मालगाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है। पुल की लंबाई करीब 170 मीटर है, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार रेलवे प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने पुल निर्माण जल्द पूरा कराने और ट्रैक पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।



