
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 47 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
1 अमरोहा के दो युवक गिरफ्तार, साथ दिल्ली ले गई पुलिस
2 दोनों से 47 हजार रुपये बरामद करने का दावा
नकली नोटों के मामले में अमरोहा का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है। दिल्ली में पकड़े गए अमरोहा के युवक की निशानदेही पर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने रविवार को कई स्थानों पर छापा मारा। यहां से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकली नोट व नोट बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। दोपहर बाद टीम दोनों आरोपितों को साथ दिल्ली ले गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 47 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। दरअसल शुक्रवार शाम को दिल्ली पुलिस ने अमरोहा के मुहल्ला सराय कोहना निवासी अदनान को दिल्ली में ही नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से 20 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे।
पूछताछ में बताया, अमरोहा में बने नोट
पूछताछ के दौरान उसने दिल्ली पुलिस को जानकारी दी थी कि अमरोहा में यह नकली नोट बनाए जा रहे हैं। लिहाजा टीम ने रविवार को अदनान को साथ लेकर अमरोहा में छापा मारा। नगर कोतवाली में आमद कराने के बाद टीम ने यहां मुहल्ला जलीलाबाद में छापा मारा। यहां से दानिश को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान दानिश के पास से भी 27 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। साथ ही नकली नोट बनाने के उपकरण जैसे लैपटाप, प्रिंटर व कागज भी बरामद हुए हैं। इसके बाद टीम ने मुहल्ला सराय कोहना में एक जनसेवा केंद्र संचालक के यहां छापा मारा। वहां से भी टीम को नकली नोटों के संबंध में अहम जानकारी मिली है।
जनसेवा केंद्र संचालक से की पूछताछ
हालांकि टीम ने जनसेवा केंद्र संचालक को हिरासत में नहीं लिया, केवल पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। साथ ही जरुरत पर दिल्ली आने की बात कही है। उसके बाद दिल्ली पुलिस दोनों आरोपित दानिश व अदनान को साथ ले गई है। इस कार्रवाई के दौरान दोनों स्थान पर लोगों की भीड़ लगी रही।
नकली नोटों के मामले में दिल्ली से क्राइम ब्रांच की टीम आई थी। साथ लाए युवक की निशानदेही पर कार्रवाई की है तथा यहां से एक युवक को पकड़़ कर साथ ले गई है। नकली नोट व उपकरण भी बरामद हुए हैं।
अभिलाष प्रधान, एसएसआई अमरोहा नगर कोतवाली
पूर्व में भी नकली नोटों के मामले में बदनाम रहा है जिला अमरोहा
नकली नोट बनाने व उन्हें बाजार में उतारने के मामले में अमरोहा का नाम पहली बार बदनाम नहीं हुआ है। पूर्व में भी यहां के लोग इस धंधे से जुड़े रहे हैं तथा उनके विरुद्ध कार्रवाई हो चुकी है। पांच महीना पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला मछरट्टा में भी नकली नोटों का मामला सामने आया था। यहां रहने वाले युवक भूरा को नगर कोतवाली पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।उससे पहले मुहल्ला अहमद नगर निवासी एक महिला व युवक भी नकली नोटों के मामले में जेल जा चुके हैं। जबकि संभल जनपद में बीते साल नकली नोटों के छह लोग पकड़े गए थे। इनमें नौगावां सादात निवासी दो सगे भाई भी शामिल थे। जोकि नोएडा में रहकर नौकरी करते थे। वहीं पंद्रह दिन पहले आदमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोटों के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।



