गोड्डा

गोड्डा के मजदूर का कोलकाता में संदेहास्पद मौत, परिवार में पसरा मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर पथरा गांव निवासी मटरु यादव की कोलकाता में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। वहीं बताया गया कि मृतक मटरु यादव कुछ दिन पूर्व मजदूरी के उद्देश्य से कोलकाता गया था, जहां उसके मृत्यु की सूचना सोमवार को परिजनों को मिली। इस खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं परिजन मौत के कारणों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों के अनुसार मटरु यादव पूरी तरह स्वस्थ था और कुछ दिनों पहले ही अपने गांव से रोज़गार के लिए कोलकाता गया था। वहां किस परिस्थिति में उसकी मौत हुई, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि मौत की सूचना कोलकाता से एक साथी मजदूर ने मटरु के परिजनों को फोन के माध्यम से दी।
जैसे ही यह खबर गांव में फैली, सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मटरु के घर पर इकट्ठा हो गए। परिजन और ग्रामीण मृतक के शव को जल्द से जल्द गोड्डा लाने की मांग कर रहे हैं ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है, जिससे शव लाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा नगर थाना पुलिस ने कोलकाता पुलिस से संपर्क साधा है और पूरे मामले की जांच की मांग की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि कोलकाता प्रशासन के सहयोग से जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।वहीं ग्रामीणों की मांग है कि उचित जांच और आर्थिक सहायता मिले। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह कोई हादसा नहीं बल्कि साजिश है, तो दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही वे सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग कर रहे हैं। मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे गांव में ही खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार चलाते थे।
यह घटना गोड्डा जिले में प्रवासी मजदूरों की स्थिति और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button