गोड्डा

गौतम अडाणी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित 

- 400 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी के 63वें जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को अदाणी पावर प्लांट परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें चार सौ से ज्यादायूनिट रक्त एकत्र किया गया। यह रक्त हजारों जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के सीबीओ प्रसून चक्रवर्ती द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। रक्तदान अभियान को सफल बनाने के लिए प्लांट परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह 8 बजे से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें इन केंद्रों पर देखी गईं। खास बात यह रही कि इस शिविर में अदाणी समूह के कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, जिससे यह अभियान एक सामाजिक उत्सव में बदल गया।
गौरतलब है कि अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के नेतृत्व में समूह अध्यक्ष के जन्मदिवस के अवसर पर हर साल यह रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र, साथ ही टोपी, टी-शर्ट, टिफिन बॉक्स और नाश्ते का पैकेट उपहार स्वरूप भेंट किए गए। इस अभियान का आयोजन अदाणी हेल्थकेयर टीम के मार्गदर्शन और रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर की टीम, विकासशील सेवा संस्थान नाम एनजीओ व गोड्डा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया। लगभग 100 से अधिक डॉक्टरों, पैरामेडिक्स, डेटा ऑपरेटरों और अदाणी कंपनियों के कर्मचारियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अदाणी पावर प्लांट के डॉक्टर धर्मेन्द्र चौधरी ने बताया कि इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और संग्रहित रक्त यूनिट को जरूरतमंदों तक सुगमता से उपलब्ध कराना है। यह रक्तदान शिविर न केवल मानवीय सेवा का प्रतीक बना बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता की भावना को भी जाहिर करता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button