अलवर

जिला कलक्टर ने ली पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा की समीक्षा बैठक

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविरों में आमजन को मौके पर ही राहत प्रदान करें जिला : कलक्टर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 

अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज कलक्ट्रेट सभागार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राज्य सरकर की मंशानुरूप पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाड़ा के तहत 9 जुलाई तक आयोजित शिविरों का सफल क्रियान्वयन कर पात्रतानुसार आमजन को लाभान्वित करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित करवाने के साथ पोर्टल के माध्यम से यथासमय ऑनलाइन डाटा एंट्री भी सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरो में राजस्व संबंधित मामलों का समझाईश से मौके पर निस्तारण के प्रयास करें। साथ ही शिविर में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से निस्तारण करें।
जिला कलक्टर ने जिला परिषद के सीईओ को निर्देशित किया कि शिविरों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में बीपीएल परिवारों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से जोड़े, स्वामित्व पट्टों का वितरण, मनरेगा कार्य पूर्ण कराए एवं वर्षा जल संरक्षण के लिए जलग्रहण संरचनाओं की मरम्मत संबंधी कार्य करवाए जावें। उन्होंने निर्देश दिए कि ऊर्जा विभाग बिजली के झूलते तार एवं विद्युत पोल की समस्याओं का निस्तारण करें। वहीं पीएचईडी द्वारा आमजन को लंबित जल कनेक्शन जारी, पानी की टंकी की सफाई व लिकेज ठीक किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि विभाग द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत ड्रिप, मिनी एवं फव्वारा इत्यादि की स्वीकृतियां जारी की जाएं और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित करें। वन विभाग इस पखवाड़े के तहत नर्सरियों से पौधा वितरण एवं ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत पौधारोपण का कार्य करे। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग लंबित यूडीआईडी कार्ड को जारी करने, टीवी रोग पहचान हेतु स्क्रीनिंग, एनसीडी रोग स्क्रीनिंग एवं बच्चों के टीकाकरण इत्यादि कार्य शिवरों में करवाना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों का निस्तारण 30 जून तक, नवीन पात्र परिवारों व सदस्यों की आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी संबंधी कार्य किए जाएं। उन्होंने पशुपालन विभाग को पशुओं की जांच, इलाज और एलएसडी व एचएस टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग विद्यालयों में प्रवेशोत्सव, विद्यालयों में भवन व शौचालय मरम्मत कार्य, जर्जर सामग्री का निस्तारण, पुस्तक वितरण, विद्यालयों का क्रमोन्यन सहित अन्य शिक्षण आवश्यकताओं की पूर्ति संबंधी कार्य, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्कूटी वितरण किया जाए, साथ ही अन्य विभागों द्वारा भी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण कार्यों से जरूरतमंद व्यक्तियों को लाभान्वित करवाया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम  मुकेश कायथवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  सालुखें गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त  जितेंद्र सिंह नरूका, उपखण्ड अधिकारी  यशार्थ शेखर, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, सीडीईओ  महेश गुप्ता, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता  सुधीर कुमार पांडेय, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. रमेश चंद्र मीणा सहित वीसी से समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार जुडे ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button