प्रस्तावित देवडांड प्रखंड में शामिल नहीं होना चाहते नुनबट्टा पंचायत के लोग
बैठक कर जारी की असहमति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : प्रस्तावित प्रखंड सह अंचल कार्यालय देवडांड गठन को लेकर गतिविधि तेज हो गई है। नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय देवदांड मे गोड्डा सदर एवं पोड़ैयाहाट के कुल 11 पंचायत को जोड़कर नये प्रखंड सह अंचल कार्यालय बनाने का प्रस्ताव काफी तेजी से अग्रसर है। इसी क्रम में जिला विकास शाखा द्वारा पत्रांक 242 दिनांक 23/ 6 /25 को पत्र जारी कर प्रखंड सह अंचल पदाधिकारी गोड्डा सदर एवं पोड़ैयाहाट से 12 बिंदुओं पर दो दिनों में रिपोर्ट मांगी गई है। जिनमें सभी नए प्रखंड में शामिल होने वाले 11 पंचायतों का मंतव्य मांगा गया है। इस संदर्भ में मांगी गई 12 बिंदुओं के रिपोर्ट में कई बातें प्रमुख है, जिसमें पंचायत से नवनिर्मित प्रखंडों की दूरी, आवागमन का सुलभ रास्ता, कम से कम 25 किमी से कम दुरी अनिवार्य, नवनिर्मित प्रखंड के लिए 1.25 लाख की आबादी एवं 18 पंचायत की अनिवार्यता के साथ-साथ पंचायत स्तर पर सहमति पत्र भी मांग की गई है।
इसी के आलोक में बुधवार को नुनबट्टा पंचायत सभागार में मुखिया नवल किशोर शाह के अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जहां पंचायत सदस्य एवं ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से गोड्डा प्रखंड में ही शामिल रहने की बात पर सहमति जताई है। इन्होंने प्रस्तावित नए देवडांड प्रखंड सह अंचल कार्यालय से खुद को अलग रखने का प्रस्ताव पर समर्थन दिया है। दर्जनों हस्ताक्षर युक्त सहमति पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी गोड्डा को सोपा गया है। जिसमें स्पष्ट रूप से गोड्डा प्रखंड में ही शामिल रहने की सहमति जताई गई है।



