अलवर
सबको बीमा अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित
बीमा न्याय की दिशा में अग्रणी, सबको बीमा अभियान 2047 के अंतर्गत देश की पहली बीमा अदालत की पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अलवर। अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय योगेश डागुर की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में सबको बीमा अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय डागुर ने अधिकारियों से कहा कि जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में सबको बीमा अभियान 2047 के तहत अलवर जिले ने बीमा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए देश की पहली बीमा अदालत स्थापित करने की दिशा में पहल की है। उन्होंने राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के संयुक्त निदेशक को निर्देश दिये कि बीमा की प्राथमिकता एवं उपयोगिता समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावशाली रूप से पहुंचे इसके लिए आगामी महीनों में बीमा क्षेत्र में नए नवाचार एवं सुधार करने हेतु कार्ययोजना तैयार करें।
राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. संजीव कुमार दास ने बताया कि भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण द्वारा बीमा कंपनियों के शिकायत निवारण तंत्र की निगरानी एवं समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समितियों को सशक्त भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है। इसी परिप्रेक्ष्य में बीमा से संबंधित विवादों के त्वरित, न्यायोचित और सुलभ समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अलवर जिले में बीमा अदालत की स्थापना को एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह बीमा अदालत प्रारंभिक चरण में बीमा शिकायत निवारण प्रकोष्ठ के रूप में कार्य करेगी, जिसकी अध्यक्षता जिला कलक्टर द्वारा की जाएगी।
बैठक में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी मीणा, आरटीओ सतीश कुमार, सहायक निदेशक रोजगार विभाग हरीश नानकवाल, एलडीएम बाबूलाल पालरिया, श्रम विभाग से अमित कुमार दीक्षित, राज्य बीमा विभाग के सहायक निदेशक मनोज कुमार दीक्षित सहित बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



