एनएच-419 पर अधूरी पुलिया में धंसा ट्रैक्टर, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
Tractor got stuck in an incomplete culvert on NH-419, contractor accused of negligence

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा: जिले के जामताड़ा से पोखरिया मोड़ की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-419 (एनएच-419) पर सोनबाद के पास पुलिया निर्माण कार्य में ठेकेदार की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बुधवार दोपहर एक गिट्टी लदा ट्रैक्टर उस स्थान पर धंस गया, जहां निर्माणाधीन पुलिया के नीचे अस्थायी रूप से मिट्टी भरकर सड़क को अस्थायी रूप से चालू किया गया था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पुलिया के नीचे मिट्टी भरकर जो वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था, उस पर ढंग से कोई पक्का निर्माण नहीं किया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो चुकी थी, जिससे गिट्टी लदा ट्रैक्टर उसी जगह धंस गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जान-माल की क्षति नहीं हुई, लेकिन ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इस पुलिया को लेकर कई बार संबंधित विभाग और ठेकेदार को सूचना दी गई, परंतु अब तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हादसे का असर आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ा। जानकारी के अनुसार, रांची से आ रही एक एंबुलेंस को रास्ता बदलना पड़ा, वहीं चेंगाईडीह से जामताड़ा सदर अस्पताल जा रही दूसरी एंबुलेंस को करीब 7 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ा। इससे मरीज को अस्पताल पहुंचने में देरी हुई।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर लापरवाही का मामला दर्ज किया जाए और पुलिया निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


