बेतुल
कीचड़ भरे मार्ग से स्कूल जाने के लिए मजबूर नौनिहाल जनपद सदस्य धन्नूलाल ने जिला पंचायत सीईओ से की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जनपद पंचायत क्षेत्र बैतूल के ग्राम मंडई खुर्द में बारिश के चलते स्कूल जाने वाला रास्ता कीचड़ और जलभराव से बुरी तरह प्रभावित हो गया है। इस रास्ते से होकर स्कूली बच्चों और शिक्षकों को रोजाना गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है और बरसात ने रास्ते की हालत और भी दयनीय बना दी है। कीचड़ भरे इस मार्ग से नौनिहालों को स्कूल जाना किसी मुसीबत से कम नहीं है। कई बार गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
इस गंभीर स्थिति को लेकर जनपद पंचायत सदस्य धन्नूलाल उइके ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने ज्ञापन में मांग की है कि ग्राम मंडई खुर्द के स्कूल मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि बच्चों की शिक्षा बाधित न हो और उन्हें सुरक्षित रास्ता मिल सके।
जनपद सदस्य ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी ग्राम पंचायत को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन आज दिनांक तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो बारिश के दिनों में बच्चों का स्कूल जाना और भी जोखिम भरा हो जाएगा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाए और इस समस्या का स्थायी समाधान करे।



