जामताड़ा मिहिजाम के केलाही गांव में करंट लगने से एक गाय की मौत

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। प्रखण्ड अन्तर्गत मिहिजाम के केलाही गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 11 हजार वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार के सम्पर्क में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण विद्युत पोल में करंट फैल गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। बारिश के दौरान पोल में करंट दौड़ रहा था, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुरक्षा उपाय नहीं किया गया। इसी दौरान गाय पोल के पास पहुंच गई और विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है और इलाके में ऐसे जानलेवा खतरों से बचाव के लिए त्वरित कार्रवाई की अपील की है। वही विभागीय अधिकारियों ने जांच की बात कही है।


