अमरोहा
अमरोहा में तेंदुए का आतंक
शेखीपुर गुर्जर में रस्सी से बंधी गाय पर हमला, मौत; कई गांवों में दहशत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कई महीनों से तेंदुआ क्षेत्र में सक्रिय है। वह कई ग्रामीणों पर हमला कर चुका है और पशुओं को निशाना बना रहा है।
ताजा मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखीपुर गुर्जर का है। यहां कलुआ पुत्र मदारी सैफी के घर में रात करीब 3 बजे तेंदुआ घुस आया। उसने घेरे में रस्सी से बंधी गाय पर हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर कलुआ और उनकी पत्नी फूल जहां जागे। उन्होंने देखा कि तेंदुए ने गाय की गर्दन अपने मुंह में दबा रखी है।
तेंदुआ गाय को खींचने का प्रयास कर रहा था। लेकिन रस्सी से बंधी होने के कारण वह गाय को ले जाने में सफल नहीं हुआ। कलुआ दंपति के शोर मचाने पर पड़ोसी जमा हो गए। शोर-शराबा सुनकर तेंदुआ भाग निकला। हालांकि गाय की मौके पर ही मौत हो गई।
इससे पहले नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर कलां में भी तेंदुआ देखा गया। वहां आबादी के पास खेत में बैठे तेंदुए का छत पर खड़ी युवतियों ने वीडियो बना लिया। घटना की सूचना पर डायल 112 और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की बात कही है।


