बारिश-धूप के बदलते मौसम में गांवों में बढ़ा जहरीले सांपों का आतंक
The terror of poisonous snakes increased in the villages due to the changing weather of rain and sunshine

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। एक दिन तेज धूप, तो अगले ही दिन झमाझम बारिश मौसम के इस बदलाव ने ग्रामीण इलाकों में एक नई परेशानी खड़ी कर दी है। खेतों, खलिहानों और झाड़ियों से अब अलग-अलग जाति के जहरीले सांप निकलकर लोगों के घरों तक पहुंच रहे हैं। यह कोई एक घर की समस्या नहीं है। जामताड़ा जिले के कई पंचायतों और गांवों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जहाँ लोग अपने घरों में सांपों को देखकर सहम जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ सांप तो इतने खतरनाक हैं कि अगर समय रहते इलाज न मिले तो जान भी जा सकती है। कई जगहों पर करैत, नाग, धामन, रसैल जैसे सांप देखे गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार बेहद चिंतित हैं। गांवों में अब लोग रात में सोते समय भी डर के साये में रहते हैं। कुछ घरों में तो सांपों को मारने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। स्थानीय लोग यह भी बता रहे हैं कि अक्सर बारिश के बाद सांप सूखे और गर्म स्थान की तलाश में घरों का रुख करते हैं। झाड़ियों की साफ-सफाई न होने और कच्चे मकानों के कारण यह खतरा और बढ़ जाता है।


