गोड्डा
महिला कॉलेज में हूल दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : स्थानीय महिला महाविद्यालय में सोमवार को हूल दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संथाल विद्रोह के महानायक शहीद सिद्धो-कान्हू की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुमानलता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 1855 में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संथाल जनजातियों द्वारा प्रारंभ किया गया यह आंदोलन देश के स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक अध्याय है। सिद्धो-कान्हू ने अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों को आज़ादी की राह दिखाई।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने इतिहास को जानें और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लें। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकगण ने भी अपने विचार रखे और इस दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्राओं ने संथाली गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। प्रमिला मरांडी, अनिता मुर्मू, शीला मुर्मू, मनीषा सोरेन, रेणु किस्कू,गीता मुर्मू,टेरेसा हेंब्रम आदि छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजन सफल रहा।




