अमरोहा

पति ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, अस्पताल में भर्ती

प्लॉट बेचने के विवाद में शिक्षामित्र पत्नी से क्रूरता, दिल्ली में चल रहा इलाज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 
अमरोहा : एक पति ने प्लॉट बेचने के विवाद में अपनी पत्नी को जलाने का प्रयास किया। पीड़िता दीप्ति एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। घटना रविवार रात करीब एक बजे की है। आरोपी पति राजीव ने दीप्ति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।
दीप्ति की चीख-पुकार सुनकर छत पर सो रही बेटी गनुराज नीचे आई। पिता ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। गनुराज ने छत से अपने मामा को फोन कर घटना की सूचना दी। मायके वालों ने आकर दीप्ति को बचाया।
पीड़िता के पिता समरेश पाल सिंह ने बताया कि राजीव शराब का आदी है। वह नशे में दीप्ति से मारपीट करता था। दीप्ति के नाम डिडौली, अमरोहा और ढवारसी में तीन प्लॉट हैं। ससुराल वाले इन्हें बेचने का दबाव बना रहे थे।
गंभीर रूप से झुलसी दीप्ति को पहले मुरादाबाद और फिर मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
डिडौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि पति राजीव समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में तेजपाल, संजय, विनीता, सुधा, अजब सिंह और राधा शामिल हैं। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button