हापुड़

सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार चार बच्चों सहित पांच की मौत।

गमगीन माहौल में हुआ मासूमों का दफीना।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

हापुड । उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कल देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। हाफिजपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत बुलंदशहर-हापुड़ रोड  हाइवे पर एक बाइक पर सवार चार मासूम बच्चों सहित एक व्यक्ति की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई । मृतक दानिश अपनी दो बेटियों और एक भतीजे व एक पड़ौसी बच्चे के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर स्विमिंग पूल मुरशदपुर में नहाकर वापस घर जा रहा था,तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है । पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । जबकि वहीं कैंटर ट्रक को पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला रफीकनगर मजीदपुरा निवासी दानिश उम्र 36 वर्ष अपनी दो बेटियों महिरा (उम्र 6 वर्ष), समायरा ( उम्र 5 वर्ष ) तथा अपने भाई के बेटे समर (उम्र 8 वर्ष) व पड़ौसी बच्चे माहिरा (उम्र 8 वर्ष) पुत्र वकील खान को लेकर मुरशदपुर स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था, बताया जा रहा है कि लौटते समय दानिश चारों बच्चों को एक ही बाइक पर बैठाकर वापस घर की ओर जा रहा था,जैसे ही दानिश की बाइक हाफिजपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत बुलंदशहर-हापुड़ रोड हाइवे पर पड़ाव के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे दानिश और चारों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में इस घटना में घायल हुए चारों बच्चों और दानिश को उपचार के लिए तत्काल हापुड के देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही दानिश और बच्चों के परिवारीजन अस्पताल पहुंच गये. जैसे ही उन्हें सभी के मृत होने की जानकारी मिली, तो परिवार और मोहल्ले वासियों में कोहराम मच गया । पोस्टमार्टम के बाद सभी मासूमों के शव घर पहुंचने पर मोहल्लेवासियों और परिजनों में कोहराम मच गया । दोपहर में गमगीन माहौल में सभी मृतक मासूम बच्चों का दफीना ( अंतिम संस्कार) किया गया। हापुड के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि , हाफिजपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत बुलंदशहर रोड पर एक वाहन ने एक बाइक पर सवार चार बच्चों और एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसमें पांचों की मौत हुई है,पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है। जबकि वहीं अपर नगर मजिस्ट्रेट (ADM)  संदीप कुमार  ने बताया कि मृतकों में दानिश और उसकी दो बेटियां व एक भाई का बेटा और एक पड़ौसी बच्चा है‌।‌ चारों बच्चों को दानिश एक ही बाइक पर बैठाकर स्विमिंग पूल में नहाने के बाद वापस घर लेकर जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ, पूरे मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है ।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button