
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शुक्रवार दोपहर एक स्कूल वैन का टायर फटने से हादसा हो गया। नागपाल इंटरनेशनल स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़कर लौट रही थी। गजरौला थाना क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के पास वैन का टायर फटने से वाहन पलट गया।
हादसे में वैन चालक अनिल और महिला हेल्पर सोनिया घायल हो गए। दोनों को सिर में चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चालक अनिल मांगूपुरा थाना रजबपुर का रहने वाला है, जबकि सोनिया हसनपुर की निवासी है।
घटना के समय वैन चौपला की दिशा में जा रही थी। राहगीरों ने सड़क पर पलटी वैन को खड़ा किया और फंसे हुए चालक व हेल्पर को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बड़ी राहत रही कि हादसे के वक्त वैन में कोई बच्चा नहीं था। स्कूल की छुट्टी के बाद सभी बच्चों को उनके घर छोड़ दिया गया था।


