
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : थाना रहरा क्षेत्र में एक युवक ने प्रेमिका से शादी से बचने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची। हरिओम कुमार ने अपने परिवार से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
हरिओम के भाई अरविंद कुमार ने थाना रहरा में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रहरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने हरिओम को गुरुग्राम के फरुखनगर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी हरसाउ से बरामद किया।
पूछताछ में हरिओम ने बताया कि उसकी एक लड़की से प्रेम संबंध थे। लड़की शादी के लिए दबाव बना रही थी। वह शादी नहीं करना चाहता था। इसलिए घर से भागने की योजना बनाई। उसके पास खर्च के लिए पैसे नहीं थे। इसलिए उसने नया सिम खरीदा और परिवार से ऑनलाइन पैसे भेजने की मांग की।
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हरिओम को बरामद कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



