गोड्डा
पारसपनी होम्योपैथी कॉलेज की मान्यता बहाली को लेकर कांग्रेस कमिटी ने किया पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : कांग्रेस कमिटी की एक उच्चस्तरीय टीम ने मंगलवार को पारसपनी स्थित होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का दौरा किया। इस टीम में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, प्रखंड अध्यक्ष नवल साह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे। इस दौरे का उद्देश्य हाल ही में राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH) द्वारा कॉलेज की मान्यता रद्द किए जाने के मुद्दे पर जमीनी स्थिति का जायजा लेना और पुनरमान्यता के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा करना था। कॉलेज प्रबंधन के साथ मुलाकात के दौरान प्रबंधन ने बताया कि डॉक्टरों, फैकल्टी शिक्षकों और उपकरणों की कमी के कारण NCH द्वारा कॉलेज की मान्यता रद्द की गई है। प्रबंधन को इन कमियों को दूर करने के लिए 2 अगस्त 2025 तक का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में कमियों को पूरा कर लिया जाता है, तो कॉलेज की मान्यता पुनः बहाल हो सकती है। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात की और इस समस्या के त्वरित समाधान के लिए आपातकालीन स्तर पर कार्रवाई करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तत्काल प्रभाव से पांच फैकल्टी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। साथ ही अन्य डॉक्टरों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है और उपकरणों की कमी को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री इस मामले को लेकर गंभीर हैं और उनके निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। श्री यादव ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से इस कॉलेज की मान्यता पुनः प्राप्त करने में सफलता मिल होगी। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर इस कॉलेज को फिर से अपने पुराने गौरवशाली स्थान पर ले जाएंगे, ताकि यह क्षेत्र की जनता के लिए सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता रहे।




