अमरोहा
शिक्षामित्र की मौत में पहली गिरफ्तारी
पत्नी को जलाकर मारने के आरोपी पति को पुलिस ने भेजा जेल, 6 फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : एक दर्दनाक घटना में शिक्षामित्र दीप्ति की मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। दीप्ति जोया ब्लॉक के शेखूपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में शनिवार को अंतिम सांस ली।
मृतका के पिता ने डिडौली थाने में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों में पति राजीव, ससुर तेजपाल, जेठानी विनीता, जेठ संजय, दो ननद सुधा और राधा और नंदोई अजय सिंह शामिल हैं। पिता का आरोप है कि प्लॉट बेचने को लेकर चल रहे विवाद में पति ने दीप्ति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
अन्य आरोपियों की तलाश
डिडौली थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूल रूप से संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के गांव भंडा का रहने वाला है और वर्तमान में अमरोहा के डिडौली गांव में रह रहा था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।



