कांवड यात्रा पर अब चढ़ेगा रंग, बैठकों का दौर खत्म, असली परीक्षा शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मेरठ। सावन की शुरूआत के साथ ही अब कांवड यात्रा का रंग चढ़ने लगेगा। पिछले पन्द्रह दिनों से विभिन्न विभागों में समन्वय बनाकर कांवड यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पिछले पन्द्रह दिनों से व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने में जुटा हुआ है। कांवड मार्गों के निरीक्षण से लेकर यातायात, शिविरों के संचालन की मानक प्रक्रिया, दुर्घटना की स्थिति में अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और शुद्ध एवं सात्विक भोजन को लेकर ढाबे एवं रेस्टोरेंट के संचालकों के साथ-साथ डीजे संचालकों के साथ बैठकों के तमाम दौर चलते रहे। आज यानि शुक्रवार को सावन माह की शुरूआत के साथ ही उन तैयारियों की असली परीक्षा भी शुरू होगी। कांवड़ यात्रा-2025 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु कांवड़ ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल को सावन की पूर्व संध्या पर कल ब्रीफ किया गया एवं कांवड़ मार्गों पर ड्यूटी हेतु रवाना किया गया। इस अवसर पर जनपद मेरठ से विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी व कर्मगण उपस्थित रहे। जनपद के 228 किमी क्षेत्र को कांवड़ व्यवस्था हेतु 6 सुपर जोन, 24 जोन तथा 68 सेक्टर में विभाजित किया गया है। 7 प्रमुख कांवड़ रूट चिन्हित किए गए हैं, जिनपर सुरक्षा व व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी व सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। मेरठ में बाबा औघडनाथ मंदिर एवं बचत भवन में सब-कन्ट्रोल स्थापित किया गया है, जिस पर जनपद स्तर से 15 एवं बाह्य जनपद से 14 रेडियो निरीक्षक, आरएसआई/ प्रधान परिचालक/ सहायक परिचालक की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक घंटे पर कांवड यात्रा की कुशलता रेंज कन्ट्रोल को नोट कराने के निर्देश दिये गये हैं।
यात्रा मार्ग की सतत निगरानी एवं सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने, ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी करने, संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात करने, एलआईयू की ड्यूटी दो शिफटों मे ंलगाने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार एंटी सटोबाज टीम द्वारा चौकिंग करने और यातायात प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिये गये हैं। जोनल अधिकारियों को पुलिस बल के माध्यम से कावंड गाडियों की व्यवस्था एवं ऊंचाई के मानकों के अनुसार डायवर्ट किये जाने के भी निर्देश हैं।


